बहराइच। दरगाह में रविवार को पहली चौथी पर जायरीन का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान पूरे दिन जियारत व मन्नतों का दौर चला। गाजी सरकार की शान में पढ़े जाने वाले कसीदों से मेला परिसर गूंजता रहा। अकीदतमंदों ने मजार शरीफ पर चादरपोशी करते हुए निशान पेश किए। चित्तौरा झील के तट पर भी स्नान करने के लिए जायरीन की भीड़ जुटी रही। सैयद सालार मसऊद गाजी की दरगाह पर मुख्य मेले के अलावा हर सप्ताह चार चौथी का आयोजन होता है, जिसमें जियारत के लिए विभिन्न प्रांतों के लोग आते हैं। उसी के तहत रविवार को पहली चौथी की भोर से देर रात तक जंजीरी गेट चूमते हुए नाल दरवाजा होकर जायरीन ने मजार शरीफ पर पहुंचकर हाजिरी लगाई। गाजी की शान में कसीदे व कव्वाली पढ़ते हुए परंपरागत तरीके से चादरपोशी की गई। इस दौरान गाजी की मजार पर हाजिरी लगाते हुए जायरीन ने अमनो-अमान की दुआएं कीं। उधर चित्तौरा झील के तट पर पहली चौथी में शामिल होने के लिए जायरीन जत्थों में पहुंचते रहे। झील में स्नान करने के बाद दरगाह के लिए रवाना हुए।