बहराइच। लगातार बारिश और मौसम बदलने से बच्चों की सेहत पर बुरा असर पड़ रहा है। महर्षि बालार्क चिकित्सालय के बाल रोग विभाग की ओपीडी में मरीजों की भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां रोजाना लगभग 300 से 350 बच्चे सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, वायरल और सांस की तकलीफ लेकर आ रहे हैं, साथ ही छोटे बच्चों में दस्त और उल्टी की शिकायतें भी बढ़ गई हैं।
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके त्रिपाठी ने बताया कि तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने से संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। पहले से एलर्जी या सांस के मरीज बच्चों पर इस मौसम का असर ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी है कि बच्चों को बारिश में भीगने और ठंडे-गर्म वातावरण के बदलाव से बचाएं। साथ ही, बच्चों को साफ पानी, ताजा भोजन दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
अभिभावक इन बातों का ध्यान रखें
बच्चों को बारिश में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने दें।
यदि बच्चा भीग जाए, तो तुरंत उसके कपड़े बदलवाएं और उसे गीले वातावरण से दूर रखें।
बच्चों को हमेशा साफ पानी और ताजा भोजन ही दें।
तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ या लगातार उल्टी-दस्त होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
यदि बच्चा बहुत अधिक सुस्त लगे, तो उसके इलाज में बिल्कुल भी देरी न करें।