कैसरगंज। कैसरगंज थाना क्षेत्र के गोड़हिया नंबर एक गांव में रविवार सुबह धान के खेत में मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद जाल की मदद से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया।
मगरमच्छ दिखने पर ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद वन क्षेत्राधिकारी विनोद यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गोड़हिया गांव सरयू नदी के कछार क्षेत्र में स्थित है। यहां वन्यजीवों की मौजूदगी की आशंका बनी रहती है। पकड़े गए मगरमच्छ को सुरक्षित सरयू नदी में छोड़ दिया गया।