रिश्तेदारों के बुलाने पर उनके साथ गए एक युवक की हत्या कर दी गई। दो दिन से लापता युवक का शव शुक्रवार सुबह राजापुर कला गांव के निकट बांस की कोठी से लटका मिला। मृतक के साले की तहरीर पर पुलिस घटना की जांच कर रही है। साले ने हत्या कर शव को लटकाए जाने की तहरीर दी है। युवक को बुलाकर ले जाने वाले लोग फरार हैं। इनमें एक महिला भी है।
पयागपुर क्षेत्र में राजापुर कला गांव के निकट ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह बांस की कोठी में एक युवक का शव लटका देखा। उन्होंने घटना की सूचना थाने को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने पूछताछ की लेकिन स्थानीय ग्रामीण शव की पहचान नहीं कर सके। युवक के शरीर पर चोट के निशान भी थे।
इस पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोपहर बाद रानीपुर क्षेत्र के कलुआपुर निवासी भदई परिवारीजनों के साथ पयागपुर पहुंचा और अपने बहनोई जगदीश के गायब होने की बात पुलिस को बताई। इस पर थानाध्यक्ष ने राजापुर कला गांव में मिले शव की फोटो और कपड़े दिखाए।
भदई ने शव की पहचान अपने बहनोई जगदीश के रूप में की। भदई ने एसओ को बताया कि हुजूरपुर थाना अंतर्गत निगोहीकला गांव निवासी जगदीश (45) पुत्र मंगरे 15 साल से रानीपुर के कलुआपुर स्थित ससुराल में रह रहा था। दो दिन पूर्व जगदीश के रिश्तेदार बेचू, राधेश्याम व सुरेश की पत्नी जरूरी काम की बात कहकर उसे बुला ले गए थे।
इसके बाद से उसका पता चला नहीं। बुलाकर ले गए रिश्तेदारों भी लापता हैं। भदई का कहना है कि जगदीश को बुलाकर ले गए लोगों ने ही उसकी हत्या कर शव को बांस की कोठी में टांगा है। थानाध्यक्ष वीरेंद्र यादव ने बताया कि मृतक के साले का बयान दर्ज करने के बाद तहरीर ली गई है। जांच की जा रही है।