अवैध संबंधों में बाधक बने पति की पत्नी ने ही लखीमपुर से भाड़े के हत्यारों को बुलवाकर हत्या करवाई थी। घटना के बाद पत्नी मोबाइल पर हत्यारोपियों से लगातार बातचीत कर रही थी। सर्विलांस से मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी को उसके भाड़े पर बुलाए गए दो आरोपियों के साथ बुधवार देर रात दबोच लिया।
दरगाह थाना अंतर्गत पूर्वी रेल क्रॉसिंग गोंडा रोड निवासी थोक किराना व्यवसायी आशीष कुमार जायसवाल की एक सप्ताह पूर्व गला घोेंटकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव बहराइच-गोंडा मार्ग पर कौरेमऊ गांव के पास सड़क किनारे मिला था। घटना के खुलासे के लिए एसपी ने स्वाट टीम के साथ ही थानाध्यक्ष रिसिया संजय दूबे, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात आरपी यादव को निर्देश दिए थे।
एसपी सिटी कमलेश दीक्षित व सीओ सिटी विजय शंकर मिश्रा की अगुवाई मेें पुलिस टीम ने हत्या के कारणों को खंगालना शुरू किया। मृतक व्यवसायी आशीष की पत्नी दीपमाला के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया। दीपमाला निरंतर एक नंबर पर अधिक बात कर रही थी। जांच में पता चला कि दीपमाला के लखीमपुर के शिवनगर निवासी रामकुमार यादव से अवैध संबंध हैं। आशीष इसका इसका विरोध कर रहा था। यह बात दीपमाला को नागवार गुजर रही थी। जिससे उसने प्रेमी रामकुमार से मिलकर पति की हत्या की साजिश रची।
इसके लिए रामकुमार ने लखीमपुर से सहयोगी राजेश और जसपाल को बुलवाया। इसके बाद आशीष की गला घोंटकर हत्या कर शव कौरेमऊ गांव के निकट फेंक दिया। आरोपियों से दीपमाला की निरंतर बात हो रही थी।
सीओ विजयशंकर ने बताया कि बुधवार की रात हत्या में शामिल राजेश यादव निवासी निर्मलनगर निघासन ढाल लखीमपुर खीरी व जसपाल सिंह उर्फ सब्वी सिंह निवासी मेला मैदान लखीमपुर खीरी बहराइच दीपमाला से मुलाकात करने आए थे।
इसकी भनक लगने पर टीम ने दोनों आरोपियों को शिवनगर तिराहा दुनक्का के निकट पुलिया के पास पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने दीपमाला की शह पर आशीष की हत्या करने की बात स्वीकारी। इस पर दीपमाला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से घटना के समय व्यवसायी से लूटा परिचय पत्र, वोटर आईकार्ड, पैन कार्ड, हत्या में प्रयुक्त वाहन पुलिस ने बरामद किया है।
सीओ सिटी ने बताया कि रामकुमार शातिर अपराधी रहा है। उस पर हत्या, लूट, डकैती आदि के कई मामले चल रहे हैं। वह गैंगस्टर के मामले में वांछित था। हत्या में फंसने की भनक लगने पर उसने लखीमपुर की कोर्ट में 29 मई को आत्मसमर्पण कर दिया है।