अलग-अलग क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में मंगलवार को दो महिलाओं की मौत हो गई। पंचनामा के बाद शव परिवारीजनों को सौंप दिया गया है। कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत गंगापुर साहब फार्म निवासी यशवंत सिंह की पत्नी जानकी देवी अपने भतीजे नीलेश कुमार के साथ बाइक से मिहींपुरवा जाने को निकली थी।
बाइक सवार चाची-भतीजे जब हंसुलिया पुल के पास पहुंचे, तभी अचानक ब्रेकर आ गया। जब तक नीलेश कुछ समझ पाता तब तक बाइक में पीछे बैठी जानकी सड़क पर गिर गईं। उनके सिर व मुंह में गंभीर में चोटें आईं।
आनन फानन में आसपास के लोगों ने जानकी को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उधर हरदी थाना अंतर्गत लोनियनपुरवा गांव निवासी नगीना बेगम (38) पत्नी पकरू दोपहर में पति के साथ साइकिल से मुरौवा बाजार जा रही थी।
साइकिल सवार पति-पत्नी तटबंध पर पहुंचे, तभी नगीना का चप्पल गिर गया। वह चलती साइकिल से उतरने लगी और अनियंत्रित होकर ईंट के ढेर पर गिर गईं। सिर में चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई।