सशस्त्र डकैतों ने बुधवार रात दो स्थानों पर धावा बोला। लूटपाट के दौरान कोतवाली देहात क्षेत्र में एक मोटर कंपनी के कैशियर और रिसिया में ग्रामीण को मारपीट कर जख्मी कर दिया। ग्रामीणों के विरोध पर डकैत फायरिंग करते भाग निकले। गंभीर हालत में जिला अस्पताल से दोनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र में बंजारी मोड़ निवासी महेंद्र विक्रम सिंह (22) एक मोटर कंपनी की एजेंसी में कैशियर कार्यरत है। बुधवार रात करीब 12 बजे सशस्त्र डकैत छत के सहारे घर में घुस गए। आहट पाकर महेंद्र विक्रम की नींद खुल गई। उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। चीख पुकार सुन परिवार के लोग दौड़े। इस पर बदमाश भाग निकले।
उधर रिसिया क्षेत्र में पड़रीतारा गांव निवासी रामसमुझ त्रिपाठी के घर में बुधवार आधी रात को दर्जनभर सशस्त्र डकैतों ने धावा बोल दिया। उनकी आहट पर रामसमुझ (64) की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया तो बदमाशों ने धमकाकर काबू में कर पीटा। धारदार हथियार से मारकर लहूलुहान कर दिया। इस बीच शोर सुनकर परिवारीजन व गांव के लोग दौड़ पड़े।
इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक बदमाशों ने आठ-नौ राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। दोनों घटनाओं के घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत नाजुक देख उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया है। पीड़ितों ने घटना की तहरीर थाने पर दी। कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा व रिसिया के थानाध्यक्ष परवेज अशरफ का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। उसके बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।