शहर में बढ़ी वाहन चोरी की वारदातों व अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली नगर की पुलिस टीम भोर में शहर के मोहल्ला चांदपुरा में गई थी। यहां पर आरोपी व उसके सहयोगियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। जिससे पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। दो सिपाहियों को भी चोटें आई हैं। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले से किनारा कस रहे हैं।
यह घटना शहर के चांदपुरा मोहल्ले में हुई। पुलिस को चांदपुरा मोहल्ले के रहने वाले एक अपराधी के मंगलवार तड़के घर पर मौजूद होने की सूचना मिली थी। इस पर कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक जेएन शुक्ला टीम के साथ आरोपी की तला में निकले। चांदपुरा में घेराबंदी के बाद पुलिस ने आरोपी को बाहर निकाला।
उसी बीच उसके परिवार के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। एक महिला ने सिपाही को दांत से काट लिया तो दूसरे सिपाही पर डंडे से हमला कर दिया गया। इस हमले पुलिस की जीप क्षतिग्रस्त हो गई। उसका पिछला शीशा टूट गया। हालांकि इस दौरान सूचना पर गश्ती पुलिस भी वहां पहुंच गई।
पुलिस कर्मियों ने तीन लोगों को हिरासत में लिया लेकिन घटना को दबाने में लगी रही। प्रभारी निरीक्षक ने तो ऐसी घटना से ही इंकार किया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर दिनेश त्रिपाठी के मुताबिक पुलिस टीम एक अपराधी को पकड़ने गई थी।
उसने अपना सिर वाहन पर पटक दिया जिससे शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। एएसपी ने भी हमले से किनारा कसा। वहीं हमले में जख्मी सिपाहियों का इलाज निजी चिकित्सकों के यहां करवाया गया।