मल्हीपुर क्षेत्र में सोमवार को बारिश के दौरान तालाब में नहाने गए दो बालक डूब गए। जानकारी होने पर परिवारीजनों वहां पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से बालकों की तलाश की गई तो उनके शव मिले। सूचना मल्हीपुर पुलिस को दिए बिना परिवारीजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
मल्हीपुर के ग्राम बंजारनपुरवा निवासी यूनुस (5) पुत्र जाकिर गांव के सनाउल (8) पुत्र कय्यूम के साथ सोमवार दोपहर बरसात के दौरान गांव के पश्चिम स्थित तालाब पर पहुंच गए। खेल-खेल में दोनों बच्चे तालाब में नहाने के लिए उतर गए। पानी अधिक होने के कारण दोनों डूृब गए।
काफी देर बच्चों घर नहीं लौटे तो परिवारीजनों ने तलाश शुरू की। पता चला कि दोनों तलाश की तरफ गए थे। इस पर परिवारीजन उन्हें खोजते हुए तालाब पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तालाब के पानी में तलाश करने पर यूनुस व सनाउल के शव मिले। इस हादसे से दोनों बच्चों के परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
दोनों बच्चों के शव परिवारीजन घर ले गए और मल्हीपुर पुलिस को सूचना दिए बिना ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। दो बच्चों की मौत से गांव में मातम छा गया। प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर रामस्वभाव वर्मा के मुताबिक हादसे की जानकारी के लिए दरोगा को भेजा गया था। बारिश में नहाते समय तालाब में डूबने से बच्चों की मौत हुई।