मोतीपुर पुलिस की गिरफ्त में बाइक चोर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बहराइच
मिहींपुरवा/उर्रा। मोतीपुर पुलिस ने गुरुवार रात गश्त के दौरान बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर नैनिहा पुलिया के पास दो संदिग्ध युवकों को दबोचा। पूछताछ के दौरान दोनों अंतरजनपदीय बाइक चोर गैंग के सदस्य निकले।
उनके कब्जे से 10 बाइक बरामद हुई हैं। असलहा भी मिला है। वन चौकी के निकट झाड़ियों में छिपाकर रखी गई ये गाड़ियों को नेपाल भेजने की तैयारी थी। मोटरसाइकिलें सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। दोनों लखीमपुर के निवासी बताये जा रहे हैं।
मोतीपुर थानाध्यक्ष डीपी कुशवाहा ने बताया कि गुरुवार रात 11 बजे के आसपास नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर नैनिहा पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग की जा रही थी तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दिखे।
हिरासत में लेकर सख्ती की गई तो युवकों के अंतरजनपदीय बाइक चोरों के गैंग का सदस्य होने की बात पता चली। युवकों की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा दक्षिण टोला निवासी मोबीन पुत्र अमीन और अलीम पुत्र हमजा के रूप में हुई।
इन दोनों के कब्जे से बरामद दो बाइकें चोरी की मिलीं। कट्टा व चाकू भी बरामद हुआ। दोनों ने बताया कि लखीमपुर, सीतापुर, लखनऊ, बहराइच आदि इलाकों से चुराई गई बाइकों को उन सभी ने खपरा वन चौकी के निकट जंगल में झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा है।
यह भी बताया कि छिपाई गई बाइकों को नेपाल भेजकर बेचने की तैयारी थी। इस पर रात में ही थानाध्यक्ष ने टीम के साथ दबिश देकर चोरी करके छिपायी गई बाइकों को बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।