मटेराचौराहा (बहराइच)। मटेरा चौराहे पर सड़क पार कर रहे ग्रामीण को तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी बरामद कर लिया गया है। कोतवाली नानपारा क्षेत्र अंतर्गत चरसंडामाफी गांव निवासी जगमोहन (32) पुत्र लालजी बुधवार देर शाम खरीदारी के लिए मटेरा बाजार गया था।
रात 10:30 बजे के आसपास वह पैदल गांव को लौट रहा था। मटेरा चौराहे पर सड़क पार करते समय बहराइच की ओर से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक (यूपी 15 बीटी 8146) ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही जगमोहन की मौत हो गई।
आसपास के लोग दौड़े, इतने में चालक मौके पर गाड़ी छोड़ भाग निकला। दुर्घटना की सूचना पाकर कोतवाली नानपारा की पुलिस मौके पर पहुंची।
प्रभारी निरीक्षक एसके त्रिपाठी ने बताया कि मृतक जगमोहन के परिवारीजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।