गाजी की दरगाह पर जियारत करने जा रहे जायरीनों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली शनिवार दोपहर रिसिया में टेलीफोन एक्सचेंज मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्रॉली पर सवार बच्चे, बूढ़े व महिलाओं समेत 40 जायरीन घायल हो गए।
उनमें 21 की हालत गंभीर है। एक बालिका के दोनों हाथ कट गए। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल ले लाया गया है। अन्य का इलाज रिसिया सीएचसी में चल रहा है। बालिका को डॉक्टरों ने केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया है।
रिसिया क्षेत्र में देवरनिया गांव के करीब 50 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर शनिवार को सैय्यद सलार मसऊद गाजी की दरगाह पर चल रहे जेठ मेले में जियारत करने जा रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली क्षेत्र के बड़गांवा स्थित एक निजी राइस मिल के निकट मोड़ पर नियंत्रित हो गई।
टेलीफोन एक्सचेंज मोड़ पर ट्रॉली पलट गई। जायरीन कुछ समझ पाते उससे पहले वह ट्रॉली के नीचे दबकर जख्मी हो गए। चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने पुलिस को सूचित किया और किसी तरह ट्रॉली को सीधा करवाया।
उसके नीचे दबे जायरीनों को बाहर निकाला। पुलिस काफी देर बाद मौके पर पहुंची। छह एंबुलेंस की मदद से घायलों को रिसिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से 21 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इनकी हालत नाजुक बताई गई है। घायल नाजो नामक बालिका के हाथ कटने के चलते उसे लखनऊ भेजा गया है।
हादसे में ये हुए घायल
शाकरुन (40), नाजो (6), शेखावत (60), अमजद खान (12), सलमा बेगम (45), कुरेशा (18), रहीसुन (20), साबरा (40), अहमद (7), शहनाज (10), साहीन (12), जाहिरा (62), अतीक (10), अल्ताफ (12), अहमद (10), साजिया (19), जमैरा (35), अनीशा बेगम (30), फैजान (9), हसीब (9), नगमा (6), सालिमा (36) समेत 40 लोग घायल हुए हैं।