बहराइच। ब्याजमुक्त लोन और लॉटरी का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के तीन सदस्यों को बहराइच एसओजी टीम ने दिल्ली में दबोच लिया।
इनके कब्जे से 68 सिमकार्ड, तीन मोबाइल, दो लैपटॉप, 26 कॉर्डलेस फोन बरामद हुए हैं। छापेमारी के दौरान एक महिला समेत दो सदस्य भाग निकले।
गिरोह का नेटवर्क यूपी, मुंबई, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में फैला हुआ है। इनके तार विदेशों से भी जुड़े हैं।
यह गिरोह अब तक अलग-अलग प्रदेशों के 12 लोगों से लगभग 50 लाख रुपये ठग चुका है। एसपी ने खुलासा करने वाली टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ। उन्होंने बताया कि मोहल्ला कानूनगोपुरा निवासी मो. आरिफ अंसारी ने सात जनवरी को कोतवाली में केस दर्ज कराया था कि उसके मोबाइल पर फोन कर कुछ लोगों ने रिलायंस कंपनी का कर्मचारी होने की बात कही थी।
14 लाख 97 हजार का ब्याजमुक्त ऋण देने के एवज में अलग-अलग बैंक खातों में उससे 7 लाख 24 हजार रुपये जमा करा लिए गए थे। एसपी ने मामले का खुलासा करने के निर्देश एसओजी टीम को दिए थे।
टीम ने सर्विलांस के जरिए क्राइम ब्रांच के निरीक्षक मेवालाल सुमन की अगुवाई में नई दिल्ली के थाना हरीनगर क्षेत्र में सिटी क्लब हॉली-डे के नाम पर चल रहे कॉल सेंटर में दिल्ली पुलिस के सहयोग से छापा मारा था।
छापेमारी के दौरान हरियाणा के सोनीपत जनपद के थाना गन्नौर ग्राम बाये निवासी सतीश झिम्मर पुत्र इंद्रपाल झिम्मर, नई दिल्ली के थाना बत्त्रा के संगम विहार मुन्ना चौक गली नंबर 18 निवासी मोहम्मद नईम पुत्र मोहम्मद शमीम और दिल्ली के उत्तमनगर के संजय इंक्लेव निवासी दिवांशु पुष्करना को गिरफ्तार किया गया।
मौके से दिल्ली ईस्ट के त्रिलोकपुरी चिल्ला निवासी मोहम्मद आमिर हुसैन और साउथ वेस्ट के डी ब्लॉक डाबरी एक्सटेंशन निवासी सोनिया गुप्ता पुत्री केसी गुप्ता भाग निकले। एएसपी ने बताया कि गुरुवार रात ठगों को बहराइच लाया गया।