दरगाह, मुर्तिहा और नानपारा क्षेत्र में सोमवार को चोरों ने पांच घरों पर धावा बोलकर आठ लाख से अधिक का माल उड़ा दिया। मगर एक भी मामले में पुलिस ने रिपोर्ट नहीं दर्ज की है। दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में रहने वाले अधिवक्ता अशोक कुमार श्रीवास्तव श्रावस्ती जिले के भिनगा मुख्यालय में वकालत करते हैं।
जबकि उनका पुत्र सिविल कोर्ट बहराइच में कार्य करता है। सोमवार को पिता-पुत्र घर में ताला लगाकर काम पर निकल गए। देर शाम को घर लौटे तो ताला टूटा मिला। अंदर बक्सा और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। घर में रखे 30 हजार रुपये कैश, दो लाख से अधिक जेवर व अन्य कीमती सामान नदारद थे।
मामले में अधिवक्ता अशोक ने थाने में तहरीर दी, मगर अभी केस दर्ज नहीं हुआ है। उर्रा संवाददाता के अनुसार कोतवाली मुर्तिहा के लोनियनपुरवा निवासी रमेश कुमार पुत्र शंकर प्रसाद के घर में सोमवार रात सेंध लगाकर घुसे चोरों ने अलमारी का ताला काटकर 18 हजार 780 रुपये नकदी, 50 हजार के जेवर, सवा क्विंटल से अधिक के पीतल, तांबा, फूल के बर्तन समेत करीब दो लाख रुपये का माल उड़ा दिया।
बोझिया टेपरा गांव निवासी रामलखन के घर में घुसे चोरों ने 40 हजार रुपये कैश, 30 हजार के जेवर, कपड़े, बर्तन आदि चुरा लिए। मटेरा चौराहा संवाददाता ने बताया कि कोतवाली नानपारा अंतर्गत ग्राम इटहा चौराहा निवासी सरवर अली के मकान के आगे हिस्से में दुकान है। जिसमें वह टेलरिंग का काम करते हैं।
सोमवार रात वह घर की छत पर सोने चले गए थे। रात में चोर दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और कमरे में रखे 50 हजार रुपये की कीमत के सोने-चांदी के जेवर, एक साइकिल, 15 हजार रुपये के कपड़े और पांच हजार कैश आदि समेट ले गए।
उधर कोतवाली देहात अंतर्गत शेखदहीर झुड़िया निवासी श्रवण कुमार मोहल्ले के ही उमाशंकर पांडेय के मकान में किराये पर रहते हैं। रात में दीवार फांदकर श्रवण के घर में घुसे चोर 13 हजार रुपये कैश, मोबाइल व अन्य सामान चुरा ले गए। सभी स्थानों पर पीड़ितों ने थाने पर सूचना दी है। लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ है। चोरी की वारदातों से लोग दहशत में हैं।