नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर नान्हूं गांव के पास सामने एक कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। मौके पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया। चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हादसे में दम तोड़ने वाले दोनों युवक नानपारा में आधार कार्ड का नामांकन करवाकर घर लौट रहे थे। युवकों के घर में कोहराम मचा हुआ है। कोतवाली नानपारा के असवा मोहम्मदपुर गांव निवासी वीरेंद्र कुमार (20) पुत्र तीरथराम और महमूद रजा (21) पुत्र सहादत अली बुधवार सुबह आधार कार्ड का नामांकन करवाने के लिए घर से निकले थे।
बाइक सवार दोनों युवक नानपारा में आधार कार्ड का नामांकन कराने के बाद दोपहर में बाइक से लौट रहे थे। नानपारा-मिहींपुरवा मार्ग पर जब बाइक सवार नान्हूं गांव के सामने पहुंचे, तभी मिहींपुरवा की ओर से आ रही तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक हवा में बाइक समेत उछल गए और फिर सड़क पर सिर के बल गिरे। वीरेंद्र हेलमेट लगाए हुआ था। वह चकनाचूर हो गया। मौके पर ही दोनों युवकों की मौत हो गई। आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक कार चालक वाहन समेत फरार हो गया।