ककरा नेवादा गांव के कोरियनपुरवा में शुक्रवार को सुबह खेलते समय बच्चों ने आम तोड़ना शुरू कर दिया। आम तोड़ने को लेकर हुए विवाद में दो बच्चों के बीच मारपीट हो गई। इसी दौरान मौके पर पहुंचे एक बच्चे के परिवारीजनों ने दूसरे बच्चे की लाठी-डंडों से पिटाई कर उसे मरणासन्न कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज शुरू होते ही बालक की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के ककरा नेवादा गांव के कोरियनपुरवा निवासी सहादत अली ने बताया कि उनका आठ वर्षीय पुत्र असलम सुबह सात बजे चाय पीकर खेलने निकल गया। वह घर के निकट बाग में खेल रहा था, तभी पड़ोसी अजय कुमार का पुत्र मौके पर पहुंच गया। खेल-खेल के दौरान दोनों बच्चे आम तोड़ने लगे। आम तोड़ने को लेकर दोनों में मारपीट हो गई।
अजय के पुत्र के शोर मचाने पर उसकी मां व परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और और असलम को लात-घूसों से पीटा। फिर लाठी और डंडे से पीटकर मरणासन्न कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर सहादत व परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। घायल असलम को परिवारीजन तत्काल गिलौला में चिकित्सक के यहां ले गए। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। जिला अस्पताल में इलाज शुरू होते ही असलम ने दम तोड़ दिया। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया।
परिवारीजनों की सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि असलम के पिता की तहरीर पर फिलहाल उसके हमजोली बालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना उपनिरीक्षक बाबूराम यादव को सौंपी गई है।