मिहींपुरवा (बहराइच)। एसएसबी अचकवा बीओपी के जवानों ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार शाम नेपाल सीमा पर घेराबंदी की। इस पर सीमा पार कर रहे पांच नेपाली तस्कर भागने लगे।
इसमें एक व्यक्ति पास ही तालाब में कूद गया, जिसमें डूबकर उसकी मौत हो गई। चार लोगों को गिरफ्तार करते हुए जवानों ने पत्थर की दो मूर्तियां बरामद की हैं, जो भगवान विष्णु और मां काली की हैं।
इनमें एक 29 किलोग्राम और दूूसरी 16 किलोग्राम की है। पकड़े गए तस्करों से एसएसबी जवानों के साथ मोतीपुर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
पकड़े गए तस्करों में नेपाल के कारीकोट गांव निवासी तेजराज शाही, लोकराज शाही, तीरथ शाही और अनिल बहादुर शाही शामिल हैं।
तालाब से मृतक तस्कर का शव निकाला गया है। उसकी पहचान कारीकोट निवासी गोविंद राज शाही के रूप में हुई है। पकड़े गए तस्करों का कहना है कि मृतक के कहने पर ही सभी प्रतिमा लेकर आए थे, जिसे मिहींपुरवा में एक व्यक्ति को देना था।