विशेश्वरगंज (बहराइच)। बहराइच-गोंडा मार्ग पर उधरना सरहदी मोड़ के पास मंगलवार दोपहर सरस्वती शिशु मंदिर की स्कूल वैन जीप ओवरटेक करते समय पलट गई।
वैन में सवार 10 बच्चे घायल हो गए। निजी अस्पताल में सबका इलाज चल रहा है। वहीं, वैन चालक मौके से भाग निकला।
विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में मंगलवार दोपहर 12 बजे छुट्टी होने के बाद स्कूल वैन बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकली। वैन में 15 बच्चे सवार थे।
गाड़ी जब बहराइच-गोंडा मार्ग पर उधरना सरहदी मोड़ के पास पहुंची तभी एक जीप को ओवरटेक करते समय वैन चालक नियंत्रण खो बैठा और वैन पलट गई।
हादसे में रनियापुर गांव निवासी प्रशांत (7), लक्की (6), सहजनवा गांव निवासी सत्य प्रकाश दूबे (10), हर्षित पांडेय (9) व शिवा (6) को सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि पांच और बच्चों को हल्की चोट आई है।
आसपास के लोगों ने तत्काल सभी बच्चों को निजी चिकित्सालय पहुंचाया। छबर पाते ही बच्चों के अभिभावक घबराए हुए अस्पताल पहुंचे। अपने लाडलों को सुरक्षित देखकर सभी ने राहत की सांस ली। डॉक्टरों ने सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई है।