बहराइच नगर में सोमवार को रोडवेज बस अड्डा परिसर में टिकट काउंटर पर पैसा वापस मांगते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बहराइच। जिला मुख्यालय के बस अड्डे पर सोमवार को एसी बस के यात्रियों ने टिकट वापसी की मांग को लेकर जमकर हंगामा काटा। रोडवेज प्रशासन के हस्तक्षेप पर जब यात्रियों के टिकट वापस हुए तो वे शांत हुए।
जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज बस अड्डे से लखनऊ जाने वाली एसी बस में सोमवार दोपहर अचानक तकनीकी खराबी आ गई। जिससे बस लखनऊ नहीं रवाना हो सकी। जबकि बस के टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग पहले ही हो चुकी थी।
यात्रियों को बस अड्डे पहुंचने पर बस का संचालन न होने की जानकारी मिली, तो सभी बुकिंग काउंटर पर टिकट वापसी करने पहुंचे। काउंटर क्लर्क से जब यात्रियों ने टिकट वापसी की मांग की, तो उसने यात्रियों से आरएम से संपर्क करने को कहा। इस पर यात्री हंगामा करने लगे। एआरएम के हस्तक्षेप के बाद यात्रियों का टिकट वापस हुआ।
एआरएम अवधेश कुमार पाल ने बताया कि एसी बसों का संचालन लखनऊ के कैसरबाग व चारबाग से होता है। बुकिंग भी वहीं से ऑनलाइन होती है। ऐसे में टिकटों की वापसी बहराइच से नहीं हो सकती।
उन्होंने बताया कि मामले में कैसरबाग के एआरएम को बस खराबी की सूचना से अवगत कराया गया था। उन्होंने बताया कि एआरएम कैसरबाग ने जब नेट पर टिकटों का निरस्तीकरण करने की सूचना दी। उसके बाद यात्रियों के टिकट की वापसी कर ली गई।