विधानसभा चुनाव में पैसों का दुरुपयोग रोकने के लिए सक्रिय उड़ाका दस्ते ने रविवार को पयागपुर क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग के दौरान 1.13 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह रुपये एक व्यवसायी की गाड़ी से मिले। वह पैसों से संबंधित कोई कागजात नहीं दिखा सका जिसके चलते नकदी को सीज कर दिया गया है।
आचार संहिता का पालन कराने के लिए सभी ब्लॉक क्षेत्रों में उड़ाका दल गठित किए गए हैं। रविवार को पयागपुर क्षेत्र में गोंडा-बहराइच मार्ग पर शिदहा चौराहे के निकट एसडीएम पयागपुर गुलाम सरवर, सीओ रिसिया सुरेंद्र कुमार यादव आदि ने वाहनों की चेकिंग की।
एसडीएम ने बताया कि बहराइच की ओर से आ रही स्कार्पियो (यूपी40यू-4588) को रोककर तलाशी ली गई तो एक झोले में 113490 रुपये बरामद हुए। इनमें दो हजार के 46 और पांच सौ के 14 नए नोट शामिल थे।
वाहन में सवार बहराइच निवासी आलोक रस्तोगी ने खुद को व्यवसायी बताया। कहा कि रुपये व्यवसाय से संबंधित हैं लेकिन कागजात नहीं दिखा सके। इस पर टीम ने रुपये सीज कर कोषागार भेज दिए। इनकम टैक्स अधिकारियों को सूचना दी है।