मोतीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला सफाई कर्मी की रेप के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके शव को घने जंगल में फेंक नाजुक अंग व चेहरे को तेजाब से जलाने का प्रयास भी किया गया। पति की तहरीर पर पुलिस ने मनगौढ़िया गांव निवासी पिता-पुत्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मोतीपुर क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत थी। महिला 19 मई को मनगौढ़िया गांव निवासी अमिरका यादव के साथ बाइक से कहीं गई थी। दो दिन तक वापस नहीं आने पर उसके पति ने थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि सोमवार दोपहर बलसिंहपुरवा के घने जंगल में महिला की क्षत-विक्षत लाश पड़ी मिली। उसके गले पर निशान थे।
चेहरा और नाजुक अंग तेजाब से जले हुए थे। सूचना पर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। महिला के पति ने शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की। एसओ अफसर परवेज ने बताया कि पति की तहरीर पर मनगौढ़िया निवासी अमिरका यादव व उसके पुत्र दीपू को नामजद करते हुए केस दर्ज किया गया है।
अवैैध संबंधों का हुआ खुलासा
थानाध्यक्ष अफसर परवेज का कहना है कि महिला के पति से पूछताछ में पता चला कि अमिरका और महिला के बीच अवैध संबंध थे। इन संबंधों को लेकर अमिरका काफी परेशान भी चल रहा था। माना जा रहा है कि इसी कारण पिता-पुत्र ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
निजी चिकित्सक से पूछताछ
पुलिस की प्रारंभिक जांच में अमिरका यादव की ओर से एक दुकान से जहरीला पदार्थ खरीदे जाने की पुष्टि हुई। साथ ही मिहींपुरवा बाजार में एक निजी चिकित्सक की दुकान पर उसका इलाज रविवार को कराए जाने की बात भी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने निजी चिकित्सक से पूछताछ की है। हालांकि कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
ईसानगर में जली मिली अमिरका की बाइक 19 मई को अमिरका गांव से बाइक पर महिला के साथ निकला था। इसके बाद लखीमपुर जिले के ईसानगर क्षेत्र के बंशीबेली गांव में उसकी बाइक जली मिली है। एसओ ने बताया कि बाइक को जलाने के पीछे साक्ष्य मिटाने की साजिश हो सकती है।