राजीचौराहा (बहराइच)। बेड़नापुर के साप्ताहिक बाजार से बुधवार रात घर लौट रहे मवेशी व्यवसायी पर बेलहा-बेहरौली तटबंध के पास बदमाशों ने हमला कर दिया।
व्यवसायी के शोर मचाने पर एक बदमाश ने उस पर तमंचे से फायर झोंक दिया और व्यवसायी का नगदी भरा बैग लेकर सभी भाग निकले। व्यवसायी को गंभीर हालत में सीएचसी महसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इस मामले में पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की है।
हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत गरेठी गुरुदत्तसिंहपुरवा गांव निवासी नाल सिंह (55) पुत्र हाकिम सिंह मवेशी की खरीद फरोख्त का व्यवसाय करते हैं।
इसी सिलसिले में नाल सिंह बुधवार को बेड़नापुर में लगने वाले साप्ताहिक पशु बाजार में मवेशी खरीदने गए थे। देर शाम तक मवेशी का सौदा तय न होने पर वह बाइक से घर लौट रहे थे।
गांव से एक किलोमीटर पहले बेलहा-बेहरौली तटबंध के पास झाड़ियों में छिपे बैठे चार नकाबपोश बदमाशों ने रस्सा लगाकर मवेशी व्यवसायी नाल सिंह को रोक लिया।
उनके रुकते ही एक बदमाश ने कनपटी पर तमंचा लगाकर तलाशी लेनी शुरू कर दी। नाल सिंह ने विरोध किया तो दूसरे बदमाश ने उन्हें पीट दिया। नाल सिंह और बदमाशों के बीच हाथापाई हुई।
इसी दौरान व्यवसायी ने शोर मचा दिया तो एक बदमाश ने उन पर फायर झोंक दिया। इसके बाद चारों बदमाश नाल सिंह के पास मौजूद 53 हजार रुपये से भरा बैग, मोबाइल व अन्य सामान लूटकर भाग निकले।
आधे घंटे बाद मौके से गुजरे राहगीरों की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने नाल सिंह को महसी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद रक्तस्राव अधिक होता देख डॉक्टरों ने व्यवसायी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।