बहराइच। बेटी से अभद्रता करने वाले शोहदे की शिकायत करने जब पिता थाने पहुंचा तो पुलिस ने कार्रवाई के बजाय उल्टे उसे ही फटकार कर लॉकअप में डाल दिया।
इसके बाद आरोपी युवक को थाने बुलवाकर उससे जबरन सुलहनामा लिखवा लिया। पुलिस की इस कारगुजारी से आहत किशोरी ने रात में जहरीला पदार्थ खाकर जान देने के प्रयास किया।
उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस अब इस मामले में लीपापोती कर रही है। मामला बौंडी थाने का है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी का विवाह हो चुका है लेकिन अभी गौना नहीं गया है। गांव निवासी अमरेश किशोरी को अरसे से उसके पिता के मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता था।
पिता जब कॉल रिसीव करते तो वह बेटी को अगवा और दुष्कर्म करने की धमकी देता है। पिता का कहना है कि उसने युवक को कई बार समझाया लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
11 नवंबर को किशोरी ने पिता के साथ थाने पहुंचकर अमरेश को नमजद करते हुए तहरीर दी। इस पर पुलिस ने जांच की बात कहकर दोनों को वापस कर दिया।
पिता का कहना है कि बुधवार को बौंडी थानाध्यक्ष ने उसे थाने बुलाकर फटकारा फिर लॉकअप में बंद कर दिया। इसके बाद अमरेश को थाने बुलाया और जबरन सुलह करवाकर अंगूठा लगवा लिया।
देर शाम ग्रामीण को पुलिस ने छोड़ा। उसने घर पहुंचकर पुलिसिया उत्पीड़न बयां किया तो इससे आहत किशोरी ने कंडैल के बीज खा लिया। देर रात किशोरी की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
गुरुवार को उसकी हालत में सुधार आया है। इस संबंध में बौंडी थानाध्यक्ष बीके यादव उत्पीड़न की बात से इन्कार किया है। उनका कहना है कि सिर्फ सुलह कराया गया है।
करेंगे कार्रवाई
मामले की जांच सीओ से करवाएंगे। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
-एसआर वर्मा, पुलिस अधीक्षक