कटरा (श्रावस्ती)। ब्लॉक क्षेत्र इकौना के मोहल्ला गौतम नगर स्थित एक पुराना जर्जर मकान शुक्रवार रात अचानक ढह गया। इसकी चपेट में आने से महिला व उसके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि गृह स्वामी बाल-बाल बचा। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया।
गौतम नगर स्थित मकान नंबर 172 काफी जर्जर था। आर्थिक तंगी के कारण गृह स्वामी ताहिर नाई पुत्र हुसैन न तो नया मकान बनवा पा रहा था और न ही इसकी मरम्मत ही करा पा रहा था।
शुक्रवार रात ताहिर अपनी पत्नी गुड़िया, पुत्र आशिफ व पुत्री जीनत के साथ घर में लेटा हुआ था। देर रात अचानक मकान ढहने लगा। आवाज पर जगे परिवारीजन जब तक घर से बाहर निकलते, तब तक मकान ढह गया।
इसमें गुड़िया, आसिफ व जीनत को गंभीर चोट आई जबकि ताहिर बाल-बाल बच गया। सभी घायलों को सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना में भर्ती कराया गया। वहीं परिवार के बाकी लोग अब खुले आसमान के नीचे रात बिताने को विवश हैं।