उर्रा (बहराइच)। स्कूल से घर लौट रही कक्षा नौ की छात्रा को गुरुवार दोपहर खेत में छिपे दो युवकों ने अगवा कर लिया। असलहे की नोक पर छात्रा को खींचकर बाइक पर बैठा लिया।
किशोरी की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े लेकिन अपहर्ता भाग निकले। गांव के लोगों ने तत्काल कोतवाली पर सूचना दी, जिस पर सभी थाने अलर्ट कर दिए गए।
लखनऊ की ओर जा रहे अपहर्ता चौराहों पर सघन चेकिंग देख छात्रा को कैसरगंज में उतारकर भाग निकले। छात्रा को महिला पुलिस की अभिरक्षा में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है।
कोतवाली मुर्तिहा क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक निजी इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा है। गुरुवार सुबह प्रतिदिन की तरह वह स्कूल गई।
दोपहर एक बजे के आसपास वह स्कूल से घर लौट रही थी तो रास्ते में सुनसान स्थान पर बाइक से मौजूद दो युवकों ने कट्टे की नोंक पर छात्रा को अगवा कर लिया। छात्रा के विरोध करने पर उसे पीटकर बाइक पर जबरन बैठा लिया।
छात्रा की चीख सुनकर गांव के लोग दौड़े लेकिन तब तक अपहर्ता छात्रा को लेकर चंपत हो गए। परिवारीजनों ने ने खोजबीन शुरू की और तत्काल कोतवाली मुर्तिहा पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।
उपनिरीक्षक सभाशंकर यादव ने वायरलेस सेट से जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया। टीम के साथ मौके पर जांचकर उपनिरीक्षक ने छात्रा के अगवा होने की पुष्टि की। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मुख्य मार्गों पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई।
शाम चार बजे के आसपास जब कैसरगंज में आने-जाने वाले वाहन चेक किए जा रहे थे तभी छात्रा को लेकर अपहर्ता भी पहुंच गए। पुलिस की घेराबंदी और चेकिंग देखकर युवक छात्रा को सड़क पर उतारकर भाग निकले।
कैसरगंज पुलिस ने छात्रा को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। कोतवाली मुर्तिहा के प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि छात्रा सकुशल है। जिन युवकों ने छात्रा को अगवा किया था, उन्हें चिह्नित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।
दहशत में है छात्रा
उपनिरीक्षक सभाशंकर यादव का कहना है कि छात्रा काफी दहशत में है। महिला पुलिस की अभिरक्षा में छात्रा को रखा गया है। उसके सामान्य होने का इंतजार किया जा रहा है।
इसके बाद पूछताछ की जाएगी। उसी के तहत कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पूछताछ के बाद छात्रा को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा।
घर वाले बोले, किसी से रंजिश नहीं
छात्रा के परिवारीजनों का कहना है कि किसी से रंजिश नहीं है। ऐसे में वह किस पर शक करें। परिवार के लोग भी घटना के बाद से काफी दहशतजदा हैं। दिनदहाड़े छात्रा के अपहरण से क्षेत्र के लोग भी भयभीत हैं।