जैतापुर इलाके के तीन मकानों में दीवार फांदकर दाखिल हुए चोर कमरे व अलमारी के ताले काटकर जेवरात समेत करीब चार लाख की संपत्ति समेट ले गए। कुछ ग्रामीणों ने रात में चोरों को देख उनका पीछा भी किया। इस घटना से ग्रामीण दहशत में हैं। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच कर रही है।
बौंडी थानान्तर्गत जैतापुर परौतीपुरवा निवासी दसईपाल के बेटे का विवाह एक माह पूर्व हुआ था। घर में बेटे के विवाह में मिला सामान भी रखा था। गुरुवार रात परिवारीजन बाहर सो रहे थे।
दीवार फांदकर घुसे चोर अलमारी का ताला काटकर बहू व अन्य महिलाओं के सोने के जेवरात, एक किलो चांदी के जेवरात, कपड़ा, बर्तन समेत ढाई लाख की संपत्ति पार उठा ले गए। चोरों ने कुछ दूर स्थित लोनियनपुरवा निवासी नकछेद के मकान को निशाना बनाया।
कमरे में पहुंचे चोर बक्से का ताला तोड़कर सवा लाख मूल्य के जेवरात, कपड़ा, बर्तन और 25 लीटर मेंथा आयल समेट ले गए। गांव निवासी दिलीप के मकान में दाखिल होने के दौरान चोरों की आहट पाकर परिवार के लोगों की नींद खुल गई।
परिवारीजनों के शोर मचाने पर चोर अलमारी से जेवरात लेकर भाग गए। पीड़ितों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।दिलीप के मुताबिक रात में आहट मिलने पर शोर मचाया गया तो चोर गांव के बाहर खड़ी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। ग्रामीणों ने पीछा भी किया लेकिन पकड़ नहीं सके।