मोतीपुर पुलिस के सहयोग से चाइल्ड लाइन ने शनिवार को चार बाल मजदूरों को मुक्त कराया है। ये सभी मिहींपुरवा के होटलों पर मजदूरी करते थे। चारों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद इन्हें बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार परिवारीजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
देहात संस्था प्रमुख व चाइल्ड लाइन निदेशक डॉॅ. जितेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि हेल्पलाइन पर मिहींपुरवा स्थित इंद्रजीत होटल, रामू होटल एवं शंकर होटल पर दयनीय हालत में काम कर रहे 10 से 13 आयु वर्ग के बच्चों की सूचना मिली थी। इस पर शनिवार को पुलिस के सहयोग से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
इस दौरान नौसर गुमटिहा गांव निवासी पवन (10) पुत्र शिव प्रसाद व मोनू (10) पुत्र हंसराम, मंगलपुरवा गांव निवासी केशव (13) पुत्र स्व. अधार, बेहड़ा निवासी विमल (13) पुत्र सियाराम को मुक्त कराया गया है। ये बच्चे 15 घंटे हाड़तोड़ मेहनत करते थे। इनको कई माह से मजदूरी भी नहीं दी गई है।
इस दौरान शहर समन्वयक आशीष सिंह, केंद्र समन्वयक सत्येंद्र पांडेय, टीम सदस्य अशोक श्रीवास्तव, मनीष यादव आदि मौजूद रहे।