आसाम रोड पर भोपतपुर चौकी के निकट मंगलवार सुबह नेपाली यात्रियों से भरी बस और एक मिनी ट्रक की आमने सामने से टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक के परखचे उड़ गए। हादसे में ट्रक मालिक, दोनों चालक समेत पांच लोगों की मौत हो गई। 42 बस यात्री घायल हुए जिनमें 13 की हालत नाजुक बताई गई है।
उनमें दो घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है। बस भुटवल से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। हादसे का कारण मिनी ट्रक चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण जिला अस्पताल में अफरातफरी की स्थिति रही।
नेपाल के भुटवल स्थित बुद्धा एडवेंचर ट्रैवेल एजेंसी की बस (4ख 7687) सोमवार रात 45 यात्रियों को लेकर दिल्ली के रवाना हुई। बस भारत में प्रवेश कर बहराइच जिले के रिसिया क्षेत्र में आसाम रोड पर भोपतपुर चौकी के निकट पहुंची थी तभी सामने से आए तेज रफ्तार मिनी ट्रक (यूके18सीए-1273) से टक्कर हो गई।
टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोगों की नींद खुल गई। दोनों गाड़ियों के परखचे उड़ गए। मिनी ट्रक उत्तराखंड से सेब लादकर बहराइच आ रही थी। मौके पर चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। हादसे के वक्त बस यात्री सो रहे थे। इसके चलते लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।
कुछ क्षण में आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ यात्रियों को बाहर निकालना शुरु किया। इस बीच मौके पर पहुंचे रिसिया थाना प्रभारी देवेंद्र ने अधिकारियों को सूचना देते हुए आठ एंबुलेंस मंगाईं।
तब तक मिनी ट्रक मालिक नैनीताल में किलाखेड़ा निवासी नफीस (25), चालक रामपुर जिले में तहसील सदर निवासी नजीर (32) पुत्र इस्लाम, नेपाल भुटवल निवासी बस चालक खुम बहादुर (35) और नेपाल के अगरी खरका जिले के वार्ड नंबर तीन निवासी धन प्रसाद (36) एवं अरुण थापा (13) की मौत हो गई। 42 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया।