नानपारा (बहराइच)। रंगदारी का पैसा वसूलने पहुंचे कार सवारों ने होटल व्यवसायी के आनाकानी करने पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वृद्ध व्यवसायी घायल हुआ है।
मंगलवार सुबह दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इमामगंज चौराहे पर अफरातफरी मच गई। लोग दहशत में आ गए। इसी बीच बदमाश भाग निकले। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल व्यवसायी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
नानपारा नगर के गल्लामंडी बाईपास निवासी रामगोपाल शुक्ला का होटल इमामगंज चौराहे के पास है। प्रतिदिन की तरह रामगोपाल (72) पुत्र बद्री प्रसाद के बेटे रूपनरायन ने मंगलवार सुबह दुकान खोली।
थोड़ी देर बाद करीब आठ बजे रामगोपाल भी दुकान पर पहुंच गए। जब वह क्षेत्र के कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे तभी कार सवार राढ़नटोला निवासी रामकृपाल अपने साथियों के साथ मौके पर आ धमका।
रामगोपाल के पुत्र रूपनरायन का कहना है कि रामकृपाल ने पैसे की डिमांड की। कारण पूछने पर सभी ने होटल चलाने के लिए रंगदारी देने की बात कही।
रूपनरायन ने विरोध किया तो कहासुनी शुरू हो गई। रामगोपाल ने भी पैसा देने से इंकार करते हुए कुछ लोगों को इकट्ठा कर लिया। इस पर बदमाश भड़क उठे और पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।
छह चक्र गोलियां दागी। एक गोली रामगोपाल के बाएं पैर में लग गई। जब वह गिरकर छटपटाने लगे तो हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से चौराहे पर दहशत फैल गई।
अन्य व्यवसायियों की सूचना पर प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक आरके शुक्ला, उपनिरीक्षक अशोक सिंह और वीके सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रामगोपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक ने बताया कि घायल व्यवसायी रामगोपाल की तहरीर पर पैसा मांगने और फायरिंग कर दहशत फैलाने के साथ जानलेवा हमले करने का केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।