बहराइच। ठंड में भी आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। जरवल के जनसेवा केंद्र में शुक्रवार रात अचानक लगी आग से राजस्व दस्तावेज, लैपटॉप, कैमरा सिलाई मशीन समेत पांच लाख की संपत्ति राख हो गई।
वहीं, हरदी में दो दुकान, पयागपुर में तीन घर और रिसिया के एक घर में लगी आग से लगभग पांच लाख का नुकसान हुआ है। सभी स्थानों पर राजस्व कर्मियों ने मुआयना किया है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र अंतर्गत जरवल के मीरगंज कस्बे में गांव निवासी मुकबर अली का जनसेवा केंद्र है। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार रात नौ बजे के करीब मुकबर अली जनसेवा केंद्र बंद कर घर चले गए।
शनिवार तड़के अज्ञात कारणों से केंद्र में आग लग गई। सुबह आसपास के लोगों ने जनसेवा केंद्र से धुआं उठता देखा तो सूचना मुकबर अली को दी लेकिन जब वह पहुंचे तो सब कुछ राख के ढेर में तब्दील हो चुका था।
मुकबर के मुताबिक राजस्व के दस्तावेज, कैश काउंटर में रखे 15 हजार रुपये, लैपटॉप, प्रिंटर, कैमरा, लेमीनेशन मशीन, बैट्रा, फर्नीचर सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया है।
हादसे में पांच लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना पाकर राजस्व लेखपाल वाहिद कमाल ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है।
उधर, हरदी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीचौराहे पर पूरे गंगाप्रसाद बालकरामपुरवा गांव निवासी बबलू की जनरल स्टोर और सिलाई मशीन की दुकान है। शनिवार तड़के तीन बजे के आसपास लगी आग से दोनों प्रतिष्ठान धू-धू कर जल गए।
आसपास के लोगों ने जब आग की लपटें उठतीं देखीं, तब शोर मचाया। बबलू मौके पर पहुंचे। दुकान का शटर उठाया तो सब राख हो चुका था। यहां लगभग तीन लाख की संपत्ति आग की भेंट चढ़ी है।
वहीं, पयागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा फार्म गांव निवासी ज्वाला पुत्र देवतादीन का कहना है कि कुछ लोगों ने रंजिश के चलते शनिवार तड़के उनके घर में आग लगा दी।
परिवार के लोगों ने भाग कर जान बचाई लेकिन घर के बरामदे में बंधे चार मवेशी झुलस गए। जब तक गांव के लोग दौड़ते तब तक आग की लपटों ने पड़ोसी कल्पनाथ और कृपाराम के मकान को आगोश में ले लिया है।
इनकी संपत्ति भी राख के ढेर में तब्दील हो गई। यहां लगभग डेढ़ लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। लेखपाल त्रिमोहन तिवारी ने जांच कर रिपोर्ट तहसील को भेजी गई है।
वहीं, रिसिया के डिहवा गांव निवासी बाल गोविंद के घर शुक्रवार रात ढिबरी से लगी आग में एक लाख रुपये की संपत्ति जल गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया है। लेखपाल ने क्षति का आंकलन किया है।
शॉर्ट सर्किट से गन्ने की फसल जली
बहराइच। जरवल के ग्राम पंचायत धनसरी में 11 हजार वोल्ट बिजली के तार के आपस में टकराने से निकली चिन्गारी किसान पवन कुमार वर्मा के गन्ने के खेत में गिर गई। इससे गन्ने की फसल जल गई।
पवन के साथ ही देशराज, सुंदरलाल के खेतों में लगी एक एकड़ गन्ने की फसल जल गई है। लगभग दो लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में खेत के ऊपर से गुजरी विद्युत लाइन के तार ढीले हैं, जिससे आए दिन चिन्गारी भड़कती रहती है।