बहराइच। घंटाघर के पास चूड़ी वाली गली में एक दुकान पर छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में नकली मेहंदी बरामद की है।
ब्रांडेड कंपनी के नाम से नकली कारोबार करने वाले दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने 100 डिब्बे मेहंदी सीज कर दी है।
कोतवाली नगर के घंटाघर चौकी के पास एक दुकान से ब्रांडेड कंपनी कावेरी की मेहंदी के नाम पर नकली मेहंदी का कारोबार किया जा रहा था।
इस कारोबार की भनक मेहंदी कंपनी कावेरी के इंदौर मध्यप्रदेश के डेवलेपमेंट ऑफिसर सोमन सिंह सेंगर और डाल सिंह चौहान को लगी।
इस पर मंगलवार को कंपनी के कर्मचारियों ने कोतवाली नगर की पुलिस से संपर्क साधा। जिसके बाद पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों के साथ चूड़ी वाली गली स्थित दुकान में छापा मारा।
यहां से अपंजीकृत हिंद कावेरी नाम की नकली मेहंदी बरामद हुई।
प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि दुकान मालिक विनायक मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुकान से लगभग 100 बॉक्स नकली मेहंदी बरामद हुई है। इसे सीज करते हुए दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।