गुरु नानक चौक में स्थित कपड़े की दुकान में रविवार भोर चोरों ने धावा बोलकर हजारों की नगदी और संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। बेकरी शॉप में भी चोरी की कोशिश की। इससे गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए। व्यवसायियों ने घंटाघर छोटीबाजार मार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगे।
इससे अफरातफरी की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंचे कोतवाल ने लोगों को समझाकर शांत किया। लगभग दो घंटे जाम की स्थिति रही। इससे शहर की यातायात व्यवस्था भी चरमराई रही। कानूनगोपुरा निवासी परमजीत सिंह की कपड़े की दुकान गुरुनानक चौक के निकट स्थित है। शनिवार रात परमजीत ने दुकान बंद की।
रविवार भोर तीन बजे के आसपास चोरों ने दुकान पर धावा बोलकर शटर का ताला तोड़ दिया। चोरों ने दुकान में घुसकर पहले सीसीटीवी कैमरे को तोड़ा। लेकिन इस दौरान चोर की गतिविधि कैमरे में कैद हो चुकी थी। इसके बाद चोरों ने कैश काउंटर में रखी 22 हजार रुपये नगदी और 50 हजार से अधिक मूल्य के कपड़ों पर हाथ साफ कर दिया।
इसके पूर्व चोरों ने कुछ दूरी पर स्थित बेकरी शॉप पर धावा बोलकर चोरी की कोशिश की लेकिन असफल रहे। सुबह व्यवसायी और आसपास के लोगों को जब चोरी की जानकारी हुई तो सभी भड़क उठे। व्यवसायियों ने घंटाघर-छोटीबाजार मार्ग को गुरुनानक चौक के निकट जामकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पाकर कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, देहात के प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा मौके पर पहुंचे। लेकिन व्यवसायी एसपी को मौके पर बुलाने पर अड़े थे। इसके कारण दो घंटे तक प्रदर्शन चला। बाद में कोतवाल द्वारा शीघ्र चोरी का पर्दाफाश करने के आश्वासन पर लोग माने। तब जाम हट सका। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था चरमराई रही।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह का कहना है कि व्यवसायी परमजीत से तहरीर और सीसीटीवी की फुटेज लेकर चोर को चिह्नित करने की कोशिश की जा रही है। शीघ्र ही आरोपी को दबोचकर मामले का खुलासा किया जाएगा।