कैसरगंज (बहराइच)। ग्राम रसूलाबाद में शनिवार को हुए चुनावी संघर्ष के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया। प्रत्याशी के बाबा की हत्या और हमले में वांछित एक आरोपी के चाचा ने भतीजे को अगवा करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए थाने पर तहरीर दी है।
कहा है कि उसका भतीजा एक बीडीसी प्रत्याशी का प्रस्तावक था, जिसका विपक्षी विरोध कर रहे थे। भतीजे के विरोध पर विपक्षियों ने फायरिंग की। पुलिस ने इस मामले में मतृक के भाई समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमले समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रसूलाबाद में पंचायत चुनाव के प्रचार व अन्य मामलों को लेकर शनिवार को संघर्ष हुआ था। इसमें जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी राजन सिंह के बाबा गुल्ले सिंह की गोली लगने से मौत हो गई थी। सोमवार को मामले में नया मोड़ आ गया है।
गांव निवासी निराले सिंह ने हत्या और हमले का केस दर्ज कराने वाले गुल्ले सिंह के भाई हरीराम सिंह समेत पांच लोगों पर अपने भतीजे पवन सिंह को अगवा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। निराले सिंह का कहना है कि गांव निवासी सीमा सिंह क्षेत्र पंचायत सदस्य पद का चुनाव लड़ रही हैं।
शनिवार को सीमा को जरवल विकासखंड में नामांकन करना था। प्रस्तावक भतीजा पवन कुमार था। जब वह नामांकन कराने के लिए घर से निकला तो विपक्षी हरीराम सिंह ने अपने चार अन्य सहयोगियों के साथ पवन को अगवा करने का प्रयास किया।
यह भी कहा कि उनका बेटा मनीष चुनाव लड़ रहा है। ऐसे में वह सीमा का प्रस्तावक न बने। इसी बात का विरोध करने पर हरीराम और उनके सहयोगी भड़क उठे। सभी ने असलहों से फायरिंग कर दी, जिसमें पवन व अन्य सहयोगियों को भी चोटें आई।
निराले की तहरीर पर पुलिस ने हरीराम समेत पांच लोगों के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 308, 506 और सेवेन क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंड एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की है।