मकान में चार लाख की चोरी
-परिवारीजनों की गैरमौजूदगी में दीवार फांद दाखिल हुए चोर
-सूचना के बावजूद नहीं मौके पर नहीं पहुंची पुलिस
चित्र परिचय: फोटो है।
बहराइच। कुंडासपारा गांव निवासी एक ग्रामीण के घर में रात में घुसे चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात व अन्य कीमती सामान समेत चार लाख की संपत्ति पार कर ली। सुबह महिला घर पहुंची, तब उसे चोरी की जानकारी हुई। थाने पर सूचना दी गई, लेकिन कोई भी पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे गांव के लोगों में आक्रोश भी दिखा। महिला का पति पंजाब के लुधियाना में एक निजी कंपनी में काम करता है।
फखरपुर थाना अंतर्गत ग्राम कुड़ासपारा निवासी संतोष कुमार लुधियाना में एक निजी फैक्ट्री में सुपरवाइजर के पद पर तैनात है। संतोष इस समय लुधियाना में है। भाईदूज के मौके पर संतोष की पत्नी आरती अपने मायके फैजाबाद गई थी। घर की निगरानी पड़ोसियों को सौंपी थी। शनिवार रात में बंद मकान में दीवार फांदकर चोर घुस गए। कमरे का ताला तोड़ने के बाद चोरों ने अलमारी और बक्से का ताला भी तोड़ दिया। अलमारी में रखे 20 हजार रुपये, ढाई लाख के जेवरात, टीवी, फ्रिज, कूलर, बर्तन आदि चोर समेट ले गए। सुबह पड़ोसियों को जानकारी हुई तो आरती को सूचना दी। आरती रविवार दोपहर घर पहुंची तो सारा सामान गायब था। चोरी गए सामान की कीमत चार लाख बताई गई है। आरती ने सूचना थाने पर दी लेकिन पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। थानाध्यक्ष छोटक यादव का कहना है कि दरोगा को भेजकर जांच कराई जाएगी।
तीन घरों में दो दिन पूर्व हो चुकी चोरी
कुंडासपारा गांव में दो दिन पहले खुशीराम, मूलचंद और भिखारीलाल के मकान में चोरी हो चुकी है। तीनों घरों से चोर करीब डेढ़ लाख से अधिक की संपत्ति समेट ले गए। सप्ताह भर पूर्व पड़ोसी गांव बसंता में प्रेम कुमार के घर चोरी हुई थी। चोरी की एक भी घटना का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। इससे क्षेत्र के लोगों में काफी आक्रोश है।