रुपईडीहा (बहराइच)। कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा बरगदहा चिलबिला गांव के कोटे का चावल शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पुलिस को सूचना देकर उसे थाने ले गए।
एसडीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने जांच शुरू की है। ट्रॉली पर लगभग 25 क्विंटल चावल लदा होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
शनिवार तड़के ग्रामीणों को भनक लगी कि कोटे के गोदाम से अनाज कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा है। इस पर ग्रामीण गांव के बाहर इकट्ठा हो गए।
इतने में कोटेदार का भाई अनाज लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आता दिखा। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रुकवाया तो वह गाड़ी खड़ी कर भाग निकला। सूचना थाने पर दी तो दो सिपाही पहुंचे और खाद्यान्न लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाने ले जाया गया।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी अमिताभ यादव को भी मामले से अवगत कराया। इस पर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक एजाज अहमद को जांच के निर्देश दिए।
दोपहर बाद पूर्ति निरीक्षक ने रुपईडीहा थाने पहुंचकर अनाज पकड़ने वाले ग्रामीणों का बयान दर्ज किया। गांव निवासी महेश, राजेश त्रिपाठी, मेलाराम, गोविंद, भवानीदीन, सर्वेश, अमृतलाल, प्रधान पति बरसाती, बीडीसी मदन व पूर्व प्रधान अली अहमद ने कोटेदार पर गांव के गोदाम से खाद्यान्न निकालकर गेहूं और चावल को कालाबाजारी के लिए ले जाने की बात कही है।
फिलहाल, बरामद खाद्यान्न और ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पूर्ति निरीक्षक का कहना है कि ग्रामीणों का बयान दर्ज कर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जा रही है। इसके बाद डीएम के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व प्रधान ने किया दावा, मेरा है अनाज
बरगदहा चिलबिला के पूर्व प्रधान बीपी सिंह ने थाने पहुंचकर दावा किया है कि चावल उनके घर का है। उन्होंने कहा कि चावल बेचने के लिए उन्होंने कोटेदार के भाई को ट्रैक्टर-ट्रॉली दी थी। हालांकि, पूर्ति निरीक्षक ने पूर्व प्रधान का भी बयान दर्ज कर लिया है।
जांच के बाद करेंगे कार्रवाई
एसओ छोटक यादव का कहना है कि अनाज लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गई है। ग्रामीणों की तहरीर पर जांच की जा रही है। इसके बाद ही सही मामला पता चल सकेगा।