रुपईडीहा (बहराइच)। सहजना ग्राम में कालाबाजारी की सूचना मिलने पर आपूर्ति निरीक्षक ने कोटे की दुकान पर छापेमारी की।
इस दौरान 83 क्विंटल अनाज और 11.5 क्विंटल गोदाम में कम मिली। आपूर्ति निरीक्षक ने गोदाम सीज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विकासखंड नवाबगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सहजना के कोटेदार गुलजार अहमद के खिलाफ ग्रामीण शिवकुमार वर्मा समेत अन्य लोगों ने कालाबाजारी की शिकायत की थी।
कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर एसडीएम घनश्याम के निर्देश पर आपूर्ति निरीक्षक एजाज अहमद ने मंगलवार को कोटे की दुकान पर छापा मारा।
आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि कोटेदार ने ब्लॉक के गोदाम से 158 क्विंटल अनाज की उठान की थी लेकिन मौके पर 75 क्विंटल अनाज ही बरामद हुआ। वहीं, कोटे की चीनी भी 11.5 क्विंटल कम मिला।
पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि ग्रामीण मेराज अहमद, फारुक अहमद और श्रीराम के बयान दर्ज कर रिपोर्ट एसडीएम को भेज दी है। ग्रामीणों की शिकायत मिली है कि इससे पूर्व भी छह बार कोटे की दुकान निलंबित हो चुकी है।
इसके बाद भी कोटेदार द्वारा खाद्यान्न की कालाबाजारी की जा रही है। एसडीएम के आदेश पर कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाकर कोटा निलंबित किया जाएगा।