अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बाइक सवार एक युवक की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई, जबकि शिक्षिका समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घटनाओं में बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
हरदी थाना अंतर्गत हिंदूपुरवा गांव निवासी नागेंद्र कुमार (42) पुत्र सिद्धनाथ गुरुवार शाम को चार बजे के आसपास अपनी बाइक से नानपारा जा रहा था। जब वह रिसिया थाना अंतर्गत किशुनपुर गांव के सामने नानपारा-बहराइच मार्ग पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। नागेंद्र के सड़क पर गिरते ही ट्रक उसे कुचलते हुए निकल गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर फखरपुर के कटका डीहा निवासी अली मुर्तजा (27) अपनी मां नजमा (50) व सहयोगी फिरोज (30) के साथ बाइक से दीवानी कचहरी जा रहा था। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर बसंतापुर मोड़ के पास सड़क पार कर रही शिक्षिका से बाइक सवार टकरा गए।
इससे चारो गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को पीएचसी फखरपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों ही घटनाओं में बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।