बहराइच/मिहींपुरवा। बिछिया बाजार में पोलियो ड्रॉप पिलाकर घर लौट रही हेल्थ वर्कर को लिफ्ट देने वाले परिचित युवकों की नियत उस पर खराब हो गई।
महिला को गाड़ी में बैठाने के बाद दोनों युवकों ने उससे दुराचार का प्रयास किया। आबरू बचाने के लिए हेल्थ वर्कर तेज रफ्तार गाड़ी से कूद गई। तीन घंटे तक वह सड़क किनारे घायलावस्था में तड़पती रही।
फिर एक वृद्ध ने उसका पता पूछकर घरवालों को खबर की। परिवारीजनों ने महिला को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दबिश देकर दोनों नामजद आरोपियों को गाड़ी समेत पकड़ लिया है।
मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की 32 वर्षीय महिला स्वास्थ्य विभाग में दैनिक मानदेय पर हेल्थ वर्कर के पद पर तैनात है। उसकी ड्यूटी बिछिया बाजार स्थित वन विभाग के बैरियर पर पोलियो ड्राप पिलाने के लिए लगी है।
उसी के तहत हेल्थ वर्कर रविवार सुबह आठ बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंची। शाम चार बजे तक उसने बैरियर पर ड्यूटी की लेकिन रिर्पोटिंग करने में बिछिया से मोतीपुर जाने वाली आखिरी बस छूट गई।
एक घंटे तक महिला बैरियर पर दूसरे वाहन की इंतजार करती रही। इतने में बिछिया की ओर से आ रही बोलेरो (यूपी 86 जे 8621) उसके सामने आकर रुकी। जीप में सवार नयापुरवा गांव निवासी दो युवकों ने महिला को लिफ्ट देने की बात कही।
युवकों से जान-पहचान के नाते और रात होती देख महिला जीप में बैठ गई। बिछिया बैरियर से मोतीपुर का रास्ता घने जंगल के बीच से गुजरता है। आवागमन भी अधिक नहीं है, जिसका फायदा उठाकर चलती जीप में युवकों ने हेल्थ वर्कर के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
तेज रफ्तार जीप जब कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत लक्कड़शाह बाबा के दरगाह के पास से गुजर रही थी तभी युवकों ने दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध के बीच महिला ने गाड़ी का गेट खोलकर छलांग लगा दी। इसके बाद युवक वाहन समेत भाग निकले।
महिला रात में तीन घंटे घने जंगल के बीच सड़क किनारे पड़ी तड़पती रही। इसी दौरान उधर से गुजर रहे एक वृद्ध राहगीर ने उसे देखा तो उसका पता पूछा। फिर महिला के घर को सूचना भेजी।
मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने रात 12:30 बजे के आसपास महिला को सीएचसी पहुंचाया। यहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखकर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
हेल्थ वर्कर के ससुर की तहरीर पर पुलिस ने नयापुरवा निवासी जुबेर और समी को नामजद करते हुए केस दर्ज कर लिया है।
ऐसे पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक नेहा पांडेय ने बताया कि हेल्थ वर्कर से रेप का प्रयास करने वाले आरोपियों की धरपकड़ के लिए मुर्तिहा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजाराम और मोतीपुर के थानाध्यक्ष मोहम्मद यासीन की अगुवाई में टीमें गठित की गई थीं।
दोपहर में सूचना मिली कि आरोपी युवक अपने वाहन से हंसुलिया की ओर जा रहे हैं। इस पर घेराबंदी की गई तो दोनों भागने लगे। इसी दौरान घटना में प्रयुक्त बोलेरो नहर पटरी पर फंस गई और दोनों आरोपियों को गाड़ी समेत दबोच लिया गया।