फखरपुर (बहराइच)। ग्राम सरायकाजी गांव में बुधवार देर रात चुनावी रंजिश के चलते एक प्रधान प्रत्याशी ने समर्थकों के साथ दूसरे प्रत्याशी के घर धावा बोल दिया।
मां-बेटी को जिंदा जलाने के प्रयास में केरोसिन उड़ेल दिया। बचाने दौड़े परिवारवालों को लहूलुहान कर घर में जमकर तोड़फोड़ की। हमले में मां-बेटी समेत चार लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने निवर्तमान प्रधान समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
फखरपुर के ग्राम सरायकाजी में दो दिन पहले मतदान हुआ है। इस ग्राम पंचायत से निवर्तमान ग्राम प्रधान अयाजुद्दीन और नजीर अंसारी प्रधान पद के प्रत्याशी हैं।
मतदान के दिन फर्जी वोटिंग को लेकर दोनों पक्षों में झड़प हुई थी। इसी रंजिश में बुधवार देर रात निवर्तमान ग्राम प्रधान अयाजुद्दीन अपने समर्थक सिराज, अख्तर, जुबेर और शेर सिंह के साथ नजीर के मकान पर जा धमके।
तोड़फोड़ शुरू कर दी। नजीर का कहना है कि बरामदे में सो रही उसकी भतीजी मन्ना (28) पर सभी ने केरोसिन उड़ेलकर जलाने का प्रयास किया। बचाने दौड़ी उसकी मां गुमाना (50) पर भी केरोसिन डाल दिया।
निजामुद्दीन दौड़े तो उन्हें धारदार हथियार से लहूलुहान कर दिया। घर में भी तोड़फोड़ की। चीख-पुकार सुनकर नजीर व गांव के अन्य लोग दौड़ पड़े। इस पर हमलावर जानमाल की धमकी देते हुए भाग निकले। रात में ही घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घायलों को पीएचसी ले जाने और पुलिस को सूचना देने की खबर पाकर हमलावर, नजीर के समर्थक अकबर अंसारी के घर पर जा धमके। उनकी भी पिटाई कर दी। रात में ही थानाध्यक्ष एके यादव गांव पहुंचे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हमलावरों ने महिलाओं पर केरोसिन छिड़का था लेकिन ग्रामीणों की सजगता से बड़ी घटना होते-होते बची। उन्होंने बताया कि निजामुद्दीन की तहरीर पर निवर्तमान ग्राम प्रधान अयाजुद्दीन, सिराज, अख्तर, जुबेर और शेर सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
हेमनापुर, रसूलपुर और अरईकला में भी संघर्ष
फखरपुर/बौंडी। फखरपुर के रसूलपुर अरईकला और बौंडी के हेमनापुर में भी चुनावी खुन्नस को लेकर लाठियां चलीं। रसूलपुर गांव में शकील और अजमेरुलनिशा के समर्थकों में नंदापुरवा गांव में जमकर मारपीट की, जिसमें छह लोग जख्मी हुए हैं।
उधर, अरईकला में सुखदेव गुप्ता व रामलखन के समर्थक आमने-सामने आ गए। लाठियों और धारदार हथियारों से हमला किया गया। हमले में निवर्तमान ग्राम प्रधान सुरेंद्र प्रताप के चाचा मयंकर सिंह व दिनेश और रामलखन को चोट आई है।
उधर, बौंडी के हेमनापुर गांव में ग्राम प्रधान पद के प्रत्याशी सुरेश और मुंशी के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें सुरेश, शिवम, राकेश, बैजनाथ, विजय, शुभम और आनंद जख्मी हुए हैं। पुलिस ने जांच शुरू की है।