बहराइच। मवेशी तस्करों का शनिवार को पीछा कर रही मोतीपुर पुलिस पर तस्कर हमलावर हो गए। तस्करों ने ट्रक से साइड मारकर पुलिस जीप पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की।
हालांकि, टीम बाल-बाल बच गई। पुलिस ने जालिमनगर पुल पर घेराबंदी की तो तस्कर मवेशी लदा वाहन छोड़कर भाग निकले। ट्रक से 27 बैल बरामद किए गए हैं। ट्रक को कब्जे में लेकर तस्करों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
मोतीपुर थानाध्यक्ष मोहम्मद यासीन को मुखबिर ने सूचना दी थी कि एक ट्रक में मवेशी भरकर लखीमपुर भेजे जा रहे हैं। नैनिहा मंडी गांव के पास से पुलिस ने ट्रक (यूपी 40 टी 0162) का पीछा करना शुरू किया।
टीम ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की तो ट्रक चालक ने पुलिस जीप को तेजी से साइड मारकर उस पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने अपने को बचाते हुए सूचना जालिमनगर चौकी को दी।
वहां दरोगा विनय यादव ने ट्रक को रोकने के लिए बैरियर लगा दिया। एसओ ने बताया कि गिरगिट्टी गांव के पास तस्कर ट्रक को छोड़कर भाग निकले।
आशंका जताई जा रही है कि तस्करों के ट्रक के आगे चल रही एक बोलेरो से कुछ लोगों ने पुलिस की घेराबंदी की जानकारी तस्करों को दे दी थी। एसओ ने बताया कि ट्रक से बरामद 27 गोवंश ग्रामीणों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।