लखनऊ-बहराइच मार्ग पर हुआ हादसा, मसौली बाराबंकी के थे निवासी
घाघराघाट (बहराइच)। आचार्य नरेंद्रदेव कृषि विज्ञान केंद्र घाघराघाट में तैनात कृषि वैज्ञानिक डॉ. विनोद मंगलवार सुबह रोडवेज बस से उतरकर ड्यूटी के लिए केंद्र पर जा रहे थे। तभी लखनऊ-बहराइच मार्ग पार करते समय तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें रौंद दिया। मौके पर ही कृषि वैज्ञानिक की मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सूचना उनके घर मसौली बाराबंकी भेजी गई है। बाराबंकी जिले के मसौली नौबस्ता निवासी डॉ. विनोद कुमार (55) पुत्र मैकूलाल घाघराघाट में स्थित आचार्य नरेंद्र देव कृषि विज्ञान केंद्र में सहायक प्राध्यापक मृदा विज्ञान के पद पर तैनात थे।
वह प्रतिदिन बहराइच से बाराबंकी के बीच सफर कर ड्यूटी करते थे। प्रतिदिन की तरह मंगलवार सुबह नौ बजे के आसपास डॉ. विनोद बाराबंकी से आई रोडवेज बस से मुशीर ढाबा के निकट उतरे। बस से उतरकर वह पैदल ही कृषि विज्ञान केंद्र के लिए चल पड़े।
जब वह बावन बाबा कुटिया के निकट सड़क पार कर रहे थे, तभी लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें रौंद दिया। चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चालक वाहन समेत फरार हो गया। मौके पर ही डॉ. विनोद ने दम तोड़ दिया।
सूचना पाकर कृषि विज्ञान केंद्र के कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। थानाध्यक्ष विद्यासागर वर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक कृषि वैज्ञानिक के घर मसौली सूचना दी गई है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ट्रॉली का पता लगाया जा रहा है। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सड़क हादसे में बाइक सवार दो घायल
जरवलरोड। जरवलरोड थाना अंतर्गत लखनऊ-गोंडा मार्ग पर अलीनगर कुड़वा पुल के निकट कार व बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। बाइक सवार सुमित कुमार व विनीत घायल हुए हैं। उन्हें पुलिस की मदद से चिकित्सालय पहुंचाया गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बाराबंकी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर वर्मा ने बताया कि सुमित कुमार की तहरीर पर केस दर्ज हुआ है।