ईंट-भट्ठे के चौकीदार की गला रेतकर हत्या
सुबह ईंटों के ढेर के बीच पड़ा मिला शव
नगरौर गांव के पास स्थित खन्ना ईंट-भट्ठे पर हुई वारदात
केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस
चित्तौरा (बहराइच)। नगरौर गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे के चौकीदार की गुरुवार की रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव सुबह ईंटाें के ढेर के बीच पड़ा मिला। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को काफी दूर तक घसीटा। परिवारीजन किसी से रंजिश की बात से इन्कार कर रहे हैं। ऐसे में बदमाशों द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। एसपी सिटी ने फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वॉयड के साथ घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गोविंदापुर गांव निवासी पतीराम (65) पुत्र रामअवतार बहराइच-गोंडा मार्ग पर नगरौर गांव के पास स्थित ओमप्रकाश के ईंट-भट्ठे पर चौकीदारी का काम करता था। प्रतिदिन की तरह गुरुवार की शाम पतीराम गांव से भोजन करके चौकीदारी के लिए आया। इसी बीच रात में बदमाशों ने पतीराम की गला रेतकर हत्या कर दी। जहां पर हत्या की गई, वहां से लगभग 20 मीटर तक शव को घसीटकर ईंटों के ढेर के बीच छोड़ दिया। शुक्रवार को सुबह जब मजदूर ईंट-भट्ठे पर काम करने पहुंचे तो भट्ठे के कार्यालय पर चौकीदार पतीराम को न देख खोजबीन शुरू की। मजदूर जब ईंटों के ढेर के निकट पहुंचे तो पतीराम का लहूलुहान शव देखकर भौचक रह गए। सूचना पाकर ईंट-भट्ठा मालिक ओमप्रकाश व गांव के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक नगर कमलेश दीक्षित फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वॉयड के साथ मौके पर पहुंचे और फोटोग्राफी कर साक्ष्य एकत्रित किए। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने कहा कि पतीराम की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और न ही कोई विवाद चल रहा था। ऐसे में हत्या के कारणों को लेकर पुलिस असमंजस में है। एसपी सिटी ने कहा कि ब्लाइंड मर्डर होने के बावजूद साक्ष्य के आधार पर जांच शुरू की गई है। शीघ्र ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
इंसेट
लगभग दो साल से कर रहा था चौकीदारी
गोंडा रोड पर स्थित खन्ना भट्ठे पर हत्या की वारदात हुई। भट्ठा मालिक ओमप्रकाश ने बताया कि इस ईंट-भट्ठे को वह पांच वर्षों से किराए पर संचालित कर रहे हैं। लगभग दो वर्षों से पतीराम उनके यहां चौकीदारी का काम कर रहा था। किसी से कोई विवाद नहीं था।
इंसेट
तो ईंट लूटने वाले बदमाशों ने तो नहीं की वारदात
पुलिस को ईंट-भट्ठे की ईंटें लूटने वाले बदमाशों पर शक हो रहा है। पुलिस का कहना है कि परिवारीजनों व आसपास गांव के लोगों के मुताबिक वृद्ध पतीराम की किसी से दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में हो सकता है कि रात में बदमाश ईंटें लूटने के प्रयास में आए हों। चौकीदार ने विरोध किया हो तो उसकी गला रेतकर हत्या कर दी हो। अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस हत्या के कारण तलाश रही है।