केडीसी में स्नातक में प्रवेश के लिए आवेदन पत्रों का वितरण शुरू
भूगोल विषय में बीए प्रथम व द्वितीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा की तिथि हुई घोषित
बहराइच। किसान पीजी कॉलेज में स्नातक में प्रवेश के लिए नवीन सत्र की प्रवेश प्रक्रिया कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार से प्रारंभ कर दी है। कॉलेज में बीए, बीएससी व बीकॉम के आवेदनपत्र मिलने शुरू हो गए हैं। वहीं, भूगोल विषय में बीए प्रथम व द्वितीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा की तिथियों को भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्धारित कर दिया है।
किसान पीजी कॉलेज के प्राचार्य मेजर डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कॉलेज के काउंटरों से बीए, बीएससी व बीकॉम में प्रवेश के लिए आवेदन पत्रों का वितरण मंगलवार से प्रारंभ हो गया है। प्राचार्य मेजर सिंह ने बताया कि 15 जुलाई तक आवेदन पत्रों का वितरण व जमा करने का कार्य चलेगा। इसके बाद 16 जुलाई से प्रवेश प्रारंभ कर दिया जाएगा। प्राचार्य ने बताया कि भूगोल विषय में प्रायोगिक परीक्षा की तिथियों को विश्वविद्यालय प्रशासन ने निर्धारित कर दिया है। उन्होंने बताया कि बीए प्रथम वर्ष भूगोल की प्रायोगिक परीक्षा 28 जून को सुबह सात बजे से होगी। जबकि बीए द्वितीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा एक जुलाई को सुबह सात बजे से प्रारंभ होगी।
इंसेट
स्नातक विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षा कल
बहराइच। शांतीदेवी सुभाषचंद्र सुशांत डिग्री कॉलेज के प्रबंधक सुभाषचंद्र जायसवाल ने बताया कि बीए प्रथम, द्वितीय व तृतीय वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षा 22 जून को सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों से प्रयोगात्मक अभिलेखों के साथ परीक्षा की तिथि को समय से पहुंचने की अपील की है।