प्रधान डाकघर में खुलेगा पासपोर्ट ऑफिस, मिलेगी सहूलियत
सुल्तानपुर। शहर स्थित प्रधान डाकघर में ही पासपोर्ट की सभी प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। प्रधान डाकघर में सात मार्च को सांसद वरुण गांधी इसका शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए सोमवार को पासपोर्ट अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिले से ही पासपोर्ट की सुविधा उपलब्ध कराने के अपने वादे को सांसद वरुण गांधी ने अंजाम तक पहुंचाया है। सांसद के प्रयास से डाकघर में आवेदकों की सभी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस कार्य के लिए डाक कर्मियों के अलावा पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी लगाए गए हैं। तैयारियां पूरी होने के बाद सात मार्च को सांसद वरुण गांधी इसका शुभारंभ करने पहुंचेंगे। सांसद के शुभारंभ कार्यक्रम को देेखते हुए सोमवार को पासपोर्ट कार्यालय की टीम ने प्रधान डाकघर में की गईं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
पासपोर्ट अधिकारियों ने आवेदन की प्रक्रिया एवं अन्य व्यवस्थाओं को देखा। डीएम व एसपी से मिलकर कार्यक्रम की जानकारी दी। डाक अधीक्षक एसएन दूबे ने बताया कि सांसद सात मार्च को सुबह 11 बजे पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ करेंगे। कार्यालय डाक विभाग व पासपोर्ट कार्यालय संयुक्त रूप से संचालित किया जाएगा।
लखनऊ की भाग दौड़ से मिलेगी निजात
जिले के लोगों को अभी तक पासपोर्ट के लिए लखनऊ जाना पड़ता था। पासपोर्ट कार्यालय खुलने से आवेदकों को लखनऊ की भाग-दौड़ से निजात मिल जाएगी। डाक अधीक्षक के मुताबिक पासपोर्ट की सभी प्रक्रिया यहीं पूरी होगी। कागजातों की कमी, जांच आदि का कार्य यहीं से कराया जाएगा। उसके बाद उसे लखनऊ पासपोर्ट कार्यालय भेजा जाएगा। वहीं से रजिस्टर्ड डाक से आवेदक का पासपोर्ट उसके पास पहुंच जाएगा।
सांसद कई कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा
जिले के एक दिवसीय दौरे पर सात मार्च को आ रहे वरुण गांधी कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि सांसद सुबह 11 बजे चार्टर्ड प्लेन से अमहट हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे। डाकघर में पासपोर्ट कार्यालय का शुभारंभ करने के बाद कलेक्ट्रेट स्थित अधिवक्ता संघ भवन में होली मिलन समारोह में शिरकत करेंगे। इसके बाद जयसिंहपुर के माधवपुर व गुरेगांव में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।