जनपद में दो स्थानों पर लगी आग से 12 मकान और तीन दुकानें जलकर राख हो गईं। इन हादसों में करीब 29 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान है। सोमवार रात तेज आंधी के दौरान फखरपुर के उमरी गांव में लगी आग से 12 घर जल गए।
इस हादसे में सात लाख की संपत्ति नुकसान हुआ है। उधर पयागपुर बस स्टॉप के निकट तीन दुकानों में शार्ट सर्किट से लगी आग में करीब 22 लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है। फखरपुर थानान्तर्गत ग्राम उमरी में सोमवार रात लोग खाना खाकर सोए थे।
आधी रात के करीब आंधी के दौरान विद्युत तार के पेड़ से टकराने के चलते चिंगारी निकली। उससे सज्जाद के फूस के मकान में आग लग गई। ग्रामीण जब तक आग बुझाने का प्रयास करते तब तक पड़ोस के मुनऊ, कृपाराम, ढोढ़े, बदलू, ईदू, बुधई, गुल्ले, सहबान, ननके समेत 12 मकान जल गए।
दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीण आग पर काबू पा सके। इस हादसे में ग्रामीणों के घरों में रखे कपड़े, बर्तन, अनाज, जेवरात आदि जल कर राख हो गए जिससे करीब सात लाख का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंचे लेखपाल व थानाध्यक्ष फखरपुर ने जायजा लिया।
पयागपुर के बस स्टॉप चौराहे के निकट सोमवार रात शार्ट सर्किट से राहुल पटवा की रेडीमेड कपड़ों और जनरल मर्चेंट की दुकान में आग लग गई। इस हादसे में दोनों दुकानें जलकर राख हो गईं जिससे करीब 20 लाख की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
बगल में स्थित एक मेडिकल स्टोर भी आग चपेट में आ गया। स्टोर में रखी करीब दो लाख की दवाइयां जल गईं। चौकीदार ने रात में ही दुकान मालिक राहुल पटवा को घटना की सूचना दी लेकिन उनके पहुंचने तक सारा सामान जल चुका था।