रुपईडीहा (बहराइच)। पिकअप पर मटर लादकर नानपारा जा रहे तीन लोगों को पुलिस व एसएसबी के जवानों ने पकड़ लिया। बरामद 37 क्विंटल 36 किलो मटर व वाहन को सीज कर कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है, जबकि चालक व व्यवसायियों से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
रुपईडीहा थाने के प्रभारी निरीक्षक मधुपनाथ मिश्र ने बताया कि एसएसबी व पुलिस टीम के जवान रुपईडीहा में आने-जाने वालों की सघन जांच कर रहे थे। रुपईडीहा में स्टेट बैंक के निकट नानपारा जा रही पिकअप को जवानों ने रोक कर तलाशी ली तो उसमें मटर बरामद हुई। पुलिस ने पूछताछ कर कागजात मांगे, लेकिन ड्राइवर और मालिक कागजात नहीं दे सके।
पुलिस के मुताबिक मटर चीन से मंगवाई गई है। एसओ ने बताया कि मटर 37 क्विंटल 36 किलो है। बरामद मटर व पिकअप को लैंड कस्टम के सुपुर्द कर दिया गया है। चालक की पहचान दीपक गुप्ता निवासी चूड़ी गली नानपारा व व्यवसायी आलोक अग्रवाल तथा राजकुमार निवासी पुरानी बाजार नानपारा के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मटर व वाहन को सीज कर जांच शुरू कर दी है।