बहराइच। हरदी थाना क्षेत्र के खरचहा गांव निवासी एक महिला अपने बेटे के साथ गुरुवार को दोपहर घर में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान अचानक मिट्टी की दीवार भरभराकर चारपाई पर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर मां और बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाल कर सीएचसी पहुंचाया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हरदी थाना क्षेत्र के खरचहा गांव निवासी परमानंद का मकान मिट्टी का बना हुआ है। मिट्टी की दीवार पर छप्पर रखा था। गुरुवार को दोपहर मेें खाना खाने के बाद परमानंद की पत्नी रामदुलारी (50) अपने बेटे बुधराम (12) के साथ घर में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान भरभराकर दीवार मां-बेटे पर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबे में दबे मां व बेटे को बाहर निकाला और सीएचसी रमपुरवा ले गए। यहां पर हालत नाजुक देख दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के मुताबिक मां की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार के लोगों ने दीवार गिरने की सूचना तहसील में भी दी है।