बहराइच। चुनाव में माहौल खराब करने व बम बनाने के लिए ले जा रहे विस्फोटक सामग्री के साथ अपराधी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबोच लिया। पकड़े गए अपराधी के पास से पांच किलो विस्फोटक सामग्री बरामद हुआ है। पुलिस ने अपराधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
त्रिस्तरीय चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए एसपी सुजाता सिंह ने सभी थानाध्यक्षों को अराजक तत्वों पर निगरानी रखकर उनपर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। अपराधियों को पकड़ने के लिए पयागपुर थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह मुखबिर का जाल बिछाए हुए थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक कुछ विस्फोटक सामाग्री लेकर जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष दलबल के साथ बड़का गांव के पास पहुंचे तो देखा कि एक युवक झोले में कुछ सामान लेकर आ रहा है।
पास आने पर पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। इस पर टीम ने घेराबंदी करते हुए युवक को दबोच लिया और तलाशी ली तो छर्रा, डिब्बा, सुतली, बंडल समेत अन्य सामान बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी की पहचान बड़कागांव निवासी धर्मेंद्र पांडेय के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चुनाव में धमकाने के लिए बम का प्रयोग करने के लिए निर्माण करना चाहता था। आरोपी के खिलाफ कई मुकदमें पहले से भी दर्ज है।