नानपारा (बहराइच)। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर बाइक सवारों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा साथी घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है। वहीं ट्रक व खलासी को कब्जे में ले लिया है।
लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना अंतर्गत रुद्रपुर गांव निवासी अरुण कुमार (22) पुत्र सोबरन लाल अपने सहयोगी गांव निवासी छोटेलाल (23) पुत्र बेचेलाल के साथ रविवार को बहराइच की ओर आ रहे थे। बाइक सवार दोनों युवक नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर कोतवाली नानपारा के कुर्मिनपुरवा गांव के पास पहुंचे। तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में अरुण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने दुर्घटना की सूचना कोतवाली में दी। प्रभारी निरीक्षक डी श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को सीएचसी नानपारा में भर्ती कराया। कोतवाल ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक व खलासी को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।