जरवलरोड में हुए हादसे में दो लोगों की मौत के बाद जमा भीड़। -संवाद
जरवलरोड। देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए बाइक से सरयू सेतु जा रहे दो युवकों को तेज रफ्तार क्रेन शुक्रवार शाम रौंदते हुए निकल गया। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
जरवलरोड क्षेत्र की करीब एक दर्जन से अधिक प्रतिमाओं की विसर्जन यात्राएं सरयू सेतु जा रही थीं। झुकिया गांव के पास यात्रा में शामिल होने के लिए बाइक से दो युवक कुड़वा गांव स्थित ओवरब्रिज के पास पहुंचे थे। उसी दौरान डीसीएम लादकर आ रही तेज रफ्तार क्रेन ने बाइक के पीछे जोरदार ठोकर मार दी।
इससे बाइक सवार दोनों युवक संतुलन खो बैठे व गिर गए। दोनों की क्रेन के पहिये की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। एक युवक की पहचान वीरेंद्र कुमार यादव (40) के रूप में हुई, जबकि दूसरे का पूरा चेहरा कुचल जाने से उसकी पहचान नहीं हो सकी।
जरवलरोड थाने के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दूसरे युवक की पहचान की कोशिश की जा रही है। क्रेन को कब्जे में लेकर उसके चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।